म्याऊ। उसावां ब्लॉक क्षेत्र में एक लाभार्थी से प्रधानमंत्री आवास के नाम पर रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। इसकी दो ऑडियो क्लिप भी वायरल हो रहे हैं। लाभार्थी ने बीडीओ को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
उसावां क्षेत्र की ग्राम पंचायत मुगर्रा महानगर निवासी नीलम पत्नी राजीव कुमार का कहना है कि उनका प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत सूची में नाम आ गया था। इसके बाद उन्होंने ब्लॉक में कार्यरत एक कर्मचारी से संपर्क किया। उसने आवास दिलाने के नाम पर 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। फिर सभी कागजी कार्यवाही पूरी होने के बाद उसके खाते में पहली किस्त पहुंच गई और उसने अपना आवास बनवाना शुरू भी कर दिया।
जब कई दिन तक उसको दूसरी किस्त नहीं मिली तो उसने ब्लाॅक के अधिकारियों के चक्कर लगाना शुरू कर दिए। इस दौरान कर्मचारी ने नीलम को कॉल करके कहा कि दो हजार रुपये मिल चुके हैं, बाकी 18 हजार रुपये जब तक नहीं दोगी, तब तक दूसरी किस्त खाते में नहीं पहुंचेगी।
इस पर उन्होंने खंड विकास अधिकारी उसावां अखिलेश कुमार चौबे को शिकायती पत्र दिया है। उन्हाेंने रुपये मांगने वाले तकनीकी सहायक के ऑडियो क्लिप भी दिए हैं। अभी आरोपी तकनीकी सहायक पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
-
इस संबंध में शिकायती पत्र मिला है, दो सदस्यीय जांच कमेटी भी बना दी है। तकनीकी सहायक की रिश्वत मांगने की ऑडियो क्लिप भी सुनी हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद तकनीकी सहायक पर कार्रवाई की जाएगी।
- अखिलेश कुमार चौबे, खंड विकास अधिकारी