बदायूं/उझानी। पंचायत चुनाव की मतगणना शुरू होने से पहले रविवार सुबह में जिलेभर में मतगणना स्थल पर उमड़ी प्रत्याशियों और अभिकर्ताओं की भीड़ ने कोविड प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया। उनके बीच दो गज की दूरी का फासला भी तार-तार हो गया। पुलिस बल को भीड़ को नियंत्रित कर लाइन में खड़े करने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ी।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन ने ब्लॉक अंबियापुर को बिल्सी मंडी, दातागंज को दातागंज मंडी, वजीरगंज को नवीन मंडी स्थल वजीरगंज समेत 14 जगहों पर मतगणना स्थल बनाया है। वहीं सालारपुर और जगत का मतगणना केंद्र बदायूं मंडी में बनाया है। जबकि उझानी ब्लॉक के लिए कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर को मतगणना केंद्र बनाया था। उझानी में मतगणना का कार्य शुरू होने से पहले पुलिस ने प्रत्याशियों और अभिकर्ताओं को लाइन में खड़े होकर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। प्रत्याशियों और अभिकर्ताओं के मतगणना पास भी गेट पर चेक किए जाने के लिए पुलिस फोर्स तैनात किया गया, लेकिन अधिकतर प्रत्याशी और अभिकर्ता लाइन में आगे बढ़ने की बजाय एक-दूसरे को धकियाते हुए दिखे तो पुलिस कर्मियों ने उन्हें समझाने का प्रयास भी किया। उनके बीच कोविड प्रोटोकॉल और दो गज का फासला तार-तार होता देख पुलिस ने कुछेक प्रत्याशियों को खदेड़ दिया। व्यवस्था दुरस्त कराने के लिए पुलिस के हाथ-पैर फूल गए। वहीं उझानी में मतगणना कार्य भी करीब एक घंटा देरी से शुरू हो पाया।
कई लोगों की जेब में मिले तीन-चार पास
उझानी। पंचायत चुनाव के लिए जिला पंचायत के प्रत्याशियों ने ऐसे लोगों को भी अपना अभिकर्ता बनवा दिया जो पहले ही किसी बीडीसी या फिर प्रधान पद के प्रत्याशी के अभिकर्ता बन चुके थे। मतगणना केंद्र के गेट पर चेकिंग के दौरान पुलिस को तलाशी के दौरान कई अभिकर्ताओं के पास तीन से चार पास भी मिले। पुलिस कर्मियों ने एक पास छोड़कर बाकी जब्त कर लिए। इसे लेकर कुछेक प्रत्याशी और अभिकर्ता बहस करते भी दिखे।
पान, पुड़िया, तंबाकू भी मिली लोगों के पास
मतगणना के दौरान जिलेभर में बने केंद्रों पर प्रत्याशियों और उनके मतगणना एजेंटों को चेकिंग के बाद में अंदर जाने दिया गया। इस दौरान कई मतगणना एजेंटों की जेबों से बीड़ी, पान-पुड़िया, तंबाकू और सिगरेट के पैकेट मिले। जिन्हें जांच टीम ने गेट पर निकलवा दिया।