उझानी (बदायूं)। कोरोना की चेन को तोड़ने के लिए लगाए गए कर्फ्यू के दौरान पुलिस ने 70 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इनमें सर्वाधिक संख्या व्यापारियों की है। तीन दिनों में 36 वाहनों का चालान किया गया।
पंचायत चुनाव की मतगणना के बाद कोतवाली पुलिस ने कर्फ्यू का पालन कराने के लिए सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। मेडिकल स्टोर, बैंक, डाकघर समेत सरकारी राशन की दुकानों आदि को छूट के बीच व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को पूरी तरह बंद रखने का आदेश हैं। इसके विपरीत बाजार में दुकानों के अंदर ग्राहकों को बुलाकर सामान की बिक्री के मामले पुलिस के संज्ञान में आते गए। वाहन लेकर बेवजह सड़कों पर घूमने वाले भी नजर आए। कर्फ्यू का उल्लंघन करने के दरोगा रामेंद्र सिंह और दिगंबर सिंह की ओर से सर्वाधिक केस दर्ज किए गए हैं। इनमें कई कपड़ा व्यापारी, किराना के दुकानदार और रेडीमेड कपड़ों के कारोबारी शामिल हैं। एक ही स्थान पर ठेला लगाकर फल बेचने वालों पर भी कार्रवाई की है। साक्ष्य के तौर पर पुलिस ने कर्फ्यू का उल्लंघन करने की वीडियोग्राफी कराई। प्रभारी निरीक्षक विशाल प्रताप सिंह का कहना है कि गाइड लाइन का पालन सख्ती से कराया जाएगा। बेवजह किसी को भी परेशान नहीं किया जाएगा।
पिछले साल कार्रवाई में ‘छूट’ से कई दुकानदारों को मिली राहत
उझानी। ग्राहकों को अंदर बुलाकर शटर बंद व्यापार के मामले में कुछेक दुकानदार पिछले साल की छूट को लेकर ज्यादा खुश हैं। पिछले साल भी पुलिस ने लॉकडाउन उल्लंघन में कई लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी, लेकिन कोरोना का ग्राफ गिरते ही प्रदेश सरकार ने लॉकडाउन उल्लंघन के सभी केस वापस ले लिए थे। उन दिनों की राहत से खुश कुछेक दुकानदारों को उम्मीद है कि अगर केस दर्ज हो भी गया तो आने वाले दिनों में पहले की तरह सबकुछ सामान्य हो जाएगा। ऐसे ही दुकानदार ही कर्फ्यू के उल्लंघन करने से बाज नहीं आ रहे हैं।