यूपी बोर्ड परीक्षा के दूसरे दिन ही शुक्रवार को सचल दल ने इंटरमीडिएट गृह विज्ञान की परीक्षा में नकल करती छात्रा को पकड़ लिया। साथ ही नकल सामग्री भी जब्त कर ली।
गौरतलब है कि बृहस्पतिवार से जिले में अव्यवस्थाओं के चलते हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो गईं। दूसरे दिन सुबह की पाली में गृह विज्ञान प्रथम इंटर और हाईस्कूल में संगीत वादन का पेपर था। निरीक्षण पर निकले पांचवें नंबर के सचल दल प्रभारी एसपी यादव ने अपने सदस्यों के साथ जब नेहरू आदर्श इंटर कॉलेज पहुंचे तो वहां एक छात्रा को नकल करते हुए पकड़ लिया। उसके पास प्रिंटिड नकल सामग्री पाई गई। सचल दस्ते ने सामग्री जब्त कर ली।
डीआईओएस वीना यादव ने बताया कि संबंधित छात्रा गुलबहार इंटर कॉलेज ककराला की थी। अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। साथ ही केंद्र व्यवस्थापक को भविष्य में ध्यान रखने की हिदायत भी दी गई है।
सुबह की पाली में 364 ने छोड़ी परीक्षा
बदायूं। शुक्रवार को दूसरे दिन हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा सुबह की पाली में हुई। इसमें 364 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। जबकि पंजीकृत 3631 में 3267 ने परीक्षा दी। सुबह की पाली में हुई हाईस्कूल की संगीत वादन की परीक्षा हुई। इसमें कुल 41 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 40 ने परीक्षा दी। जबकि एक गैरहाजिर रहा। इसी प्रकार सुबह की पाली में ही इंटरमीडिएट गृहविज्ञान की परीक्षा हुई। इसमें पंजीकृत 3590 में से 3227 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। जबकि 363 गैरहाजिर रहे।