टमाटर की पैदावार के लिए प्रसिद्ध दबतोरी क्षेत्र का टमाटर देश भर की सब्जी मंडियों में धूम मचाएगा। इस बार किसानों ने टमाटर की भारी पैदावार करने के लिए टमाटर की पौध शुरू कर दिया है। क्षेत्र के किसानों ने अपने खेतों में देशी टमाटर की बुवाई करना शुरू कर दिया है, जो अक्तूबर माह तक फसल देना शुरू कर दंगे। बाहरी व्यापारियों ने किसानों से अभी से संपर्क साधना शुरू कर दिया है।
क्षेत्र के गांव ललुआनगला, दबतोरा, बीधानगला, परसिया, मुंसियानगला, लक्ष्मीपुर, गुरियारी, अतरपुरा, आदपुर, भरतपुर, जलालपुर के अधिकांश किसान हर वर्ष देशी टमाटर की खेती करते हैं। क्षेत्र के किसान हजारों बीघा में टमाटर की खेती करते हैं। यहां से टमाटर खरीदने के लिए देश के कई राज्यों के टमाटर व्यापारी क्षेत्र के किसानों से सीधे संपर्क में हैं। व्यापाी उन्नत किस्म के टमाटर बीज को उचित दामों वितरण कराकर खेती कराते हैं और अच्छे दामों उस टमाटर की खरीददारी करते हैं।
दबतोरी और परसिया के टमाटर व्यापारी डेरा डालकर महीनों तक इस क्षेत्र के किसानों से टमाटर खरीद करके बाहरी मंडियों को भेजकर मोटा मुनाफा कमाते हैं। क्षेत्र का टमाटर दिल्ली की आजाद मंडी, देहरादून, कानपुर, गोरखपुर, मेरठ, हरिद्वार, बरेली, हल्द्वानी, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल, शिमला आदि शहरों की मुख्य मंडियों में भेजा जाता है, जहां इस टमाटर की पहचान बदायूं जिले के टमाटर नाम से होती है।
क्षेत्र के किसान हर वर्ष नई प्रजाति के टमाटर की फसल उगाते हैं। इस बार अविलाश, त्रिशूल, 85 नामधारी, जेके देशी, यूनीसेफ और कंचन 21 पुराने बीज के अलावा नई प्रजाति सुंदरम, शिवम की अच्छी पैदावार होगी। क्योंकि किसानों ने पौध खेतों में लगाना शुरू कर दिया है। गांव लक्ष्मीपुर में रामनिवास मौर्य, जीवन देई, कृष्ण देवी, रोनवती, नेहा, प्रेमपाल सिंह ने इस बार एक एकड़ में टमाटर लगाया है। साथ ही फसल की निराई गुणाई शुरू कर दी है। रामनिवास के मुताबिक अक्तूबर तक टमाटर का उत्पादन शुरू हो जाएगा। इसके अलावा माधोराम, नेतराम, मुरारी, अजयपाल सिंह, पप्पू सिंह, रवेंद्र सिंह, राकेश सिंह, सुरेंद्र सिंह, मुन्नू सिंह, नरेंद्र सिंह, सुखपाल सिंह, जगभान सहित हजारों की संख्या में किसानों ने टमाटर की खेती करना शुरू कर दिया है।