हादसे में क्षतिग्रस्त बोलेरो। स्रोत- ग्रामीण
वजीरगंज। एमएफ हाईवे पर सोमवार सुबह करीब चार बजे फर्रुखाबाद से निजी कार्य से मुरादाबाद जा रही एक बोलेरो कार को कस्बा सैदपुर के पास डीसीएम ने अचानक मोड़ काटते समय टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए।
बोलेरो कार चालक सर्वदा ने बताया कि डीसीएम चालक ने बिना संकेत दिए अचानक मोड़ काटा, जिससे सामने से आती बोलेरो संभल नहीं सकी और तेज आवाज के साथ दोनों में भिड़ंत हो गई। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर यातायात बाधित रहा। स्थानीय लोगों ने बताया कि कस्बे में सड़क किनारे पुआल डाले जाने से सड़क संकरी हो जाती है, यही वजह हादसे का प्रमुख कारण बनी। हादसे की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर हाईवे पर यातायात सुचारु कराया। संवाद