दातागंज। थाना क्षेत्र में कैलोर गांव के पास एक मकान में 30 वर्षीय युवक का शव रस्सी के फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया। इसके बाद शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया गया।
सीओ के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब पौने दो बजे सूचना मिली कि कैलोर मिल के पीछे स्थित एक मकान में युवक ने फंदे से लटककर जान दे दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया। मृतक की पहचान दातागंज कस्बे के चंद्रशेखर आजाद नगर निवासी पशु व्यापारी छोटे (30) पुत्र राजेंद्र गोसाई के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, मकान बरेली के रहने वाले बिंदु पुत्र नारायण का है, छोटे इस मकान में पहले भी आता-जाता था और पिछले करीब 15 दिनों से ज्यादातर इसी मकान में रह रहा था। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को फंदे से उतार कर पंचनामा की कार्रवाई की। सीओ दातागंज अशेष नाथ सिंह ने बताया कि युवक के फंदे पर लटककर जान देने के मामले की जांच कराई जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और शिकायती पत्र मिलने के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।