बिसौली। कोतवाली क्षेत्र के अजनावर गांव में सोमवार सुबह खेत की मेड़ पर बिजली के खंभे के तार से 30 वर्षीय युवक का शव लटका मिला। खेतों की ओर गए किसानों ने शव देखा तो परिजनों और पुलिस को सूचना दी। करीब दो साल पहले उसके भाई का शव भी गांव के पास जंगल में फंदे से लटका मिला था।
सीओ के अनुसार, अजनावर गांव निवासी उमंग (30) पुत्र रामवीर सिंह यादव रविवार रात को घर से कहीं चला गया। सोमवार सुबह को ग्रामीणों के खेत की ओर से जाने से पर उमंग का शव बिजली के खंभे के पास मिला। सूचना पर पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। परिजनों के मुताबिक, घटना के समय उनकी मां कमलेश, पत्नी मिथलेश और बच्चे घर पर नहीं थे। उनके तीन बच्चों में दो बेटे सुरजीत (9 वर्षीय), रितिक (5 वर्षीय) और बेटी ( प्रियांशी 7 वर्षीय) हैं। पत्नी करीब चार महीने पहले बच्चों के साथ मायके गई थी। पत्नी ने बताया कि पति की मौत की सूचना मिलने पर वह गांव पहुंच गई। सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम कराया गया है। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।