शासन के सख्त निर्देश के बावजूद जिले में नकलविहीन परीक्षा को पलीता लग रहा है। केंद्रों पर धड़ल्ले से नकल हो रही है। नकलची पकड़े जाने के बाद कार्रवाई में भी ढिलाई बरती जा रही है। सचल दल नकल पर लगाम कसने में असफल साबित हो रहे हैं। कंट्रोल रूम रिकार्ड के अनुसार 25 फरवरी तक चार नकलची पकडे़ जा चुके हैं। सचल दल ने एक नकलची पकड़ा।
अहिल्याबाई में पर्ची के साथ छात्रा पकड़ी
बदायूं। अहिल्याबाई इंटर कॉलेज में नकल के लिए पर्ची लेकर आई छात्रा को केंद्र व्यवस्थापक आलोक पाठक ने पकड़ लिया। इस पर कार्रवाई करने के दौरान सचल दल भी वहां पहुंच गया। सचल दल की उपस्थिति में छात्रा द्वारा लाई गई नकल सामग्री को कब्जे में ले लिया गया। केंद्र व्यवस्थापक आलोक पाठक ने बताया कि परीक्षा के दौरान आंतरिक सचल दल ने निरीक्षण किया तो इंटर शिक्षाशास्त्र की परीक्षा में आई छात्रा के पास से नकल सामग्री मिली। दो पर्चियों पर नकल लिखी थीं। बताया कि मौके पर सचल दल भी पहुंच गया था। छात्रा की कॉपी जमा कर दूसरी कॉपी दी गई। छात्रा के पास से पकड़ी गई नकल सामग्री और कॉपी बोर्ड को भेजी जाएगी।
स्कूल में नकल करा रहा था बाबू, छोड़ा
बदायूं। बुधवार को ही एक और गंभीर प्रकरण सामने आया। उझानी रोड स्थित एक केंद्र पर सचल दल ने औचक निरीक्षण किया, तो देखा कक्ष में स्कूल में एक व्यक्ति बच्चों को नकल करा रहा था। उड़न दस्ते के पकड़ने से पहले ही वह भाग निकला। पीछा करने पर युवक बाथरूम में छिप गया। विभागीय सूत्रों की मानें तो युवक स्कूल में ही बाबू है। सचल दल ने उसे पकड़ा तो लेकिन लंबी वार्ता के बाद छोड़ दिया। बता दें कि जिस केंद्र पर यह व्यक्ति पकड़ा गया है। वह केंद्र पहले भी नकल के लिए डिबार रह चुका है।
कॉपी लेकर भागा स्टूडेंट
बदायूं। बिल्सी तहसील क्षेत्र के बदायूं-बिजनौर मार्ग से अंदर की ओर स्थित एक केंद्र पर परीक्षार्थी द्वारा कॉपी लेकर भाग जाने का मामला भी सामने आया है। इसकी बात किसी को पता न चले लिहाजा इसे छुपा दिया गया। सूत्र बताते हैं कि पिछली दिनों हुई परीक्षा एक परीक्षार्थी ए कॉपी लेकर भाग गया। इसका जब पता चला तो केंद्र व्यवस्थापक ने आननफानन में छात्र को ढुंढवाया, बाद में कॉपी मिल गई।