पंचायतराज विभाग विकास विभाग की अधीनता स्वीकार करने को तैयार नहीं
सफाई कर्मचारी ब्लाक में दर्ज नहीं करेंगे अपनी उपस्थिति
पंचायत कर्मी भी निरीक्षण दौरे पर आने वालों को नहीं दिखाएंगे अभिलेख
पंचायतीराज सेवा परिषद ब्लाक के अधीन नहीं रहना चाहता और शासन के नए आदेश पर अमल न करते हुए अपने विभाग के अस्तित्व के लिए लड़ाई जारी रखेगा। इसके लिए पंचायतीराज सेवा परिषद के आला अधिकारियों के निर्देश पर ब्लाक में कोई सफाई कर्मचारी उपस्थिति दर्ज नहीं कराएंगे और न ही विकास विभाग के किसी अधिकारी अधिकारी के निरीक्षण पर रहते मांगे गए अभिलेख भी नहीं दिखाएंगे।
इस आशय की जानकारी देते हुए पंचायतीराज सेवा परिषद के अध्यक्ष मुन्नालाल यादव और महामंत्री महेश कुमार गिरी ने आंदोलनात्मक कार्यवाही का ऐलान किया है। उनका कहना है कि परिषद के प्रांतीय अधिकारियों के निर्देशन में एक अगस्त के उन आदेशों का विरोध किया जाएगा जिनमें पंचायतीराज विभाग को विकास विभाग के अधीन काम करने के निर्देश हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई विभाग नहीं है, जो किसी के अधीन रहते हुए काम करता हो। पूर्व में वह सामूहिक अवकाश लेकर इसका विरोध कर चुके हैं। सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सीधे तौर पर अपने जिला पंचायतराज अधिकारी के आदेशों का परिपालन करेंगे।