कछला में किसानों ने उठाई अपने हक की आवाज
बैंक अफसरों पर कर्जदार किसानों को परेशान करने का आरोप
भारतीय किसान यूनियन की कछला में हुई पंचायत हुई। किसानों से जुड़े मसलों पर आवाज बुलंद की गई। यूनियन के नेताओं ने बैंक प्रबंधन पर कर्जदार किसानों को परेशान करने का आरोप लगाया। कहा कि प्रबंधकों ने अपना रवैया नहीं बदला तो तालाबंदी कर आंदोलन किया जाएगा।
कछला चौराहे पर पंचायत में यूनियन के ब्लॉक अध्यक्ष सोमवीर सिंह ने कहा कि कटरी क्षेत्र के किसान पिछले तीन साल से आपदा के शिकार होते रहे हैं। बाढ़ और सूखा की वजह से किसानों को आर्थिक दिक्कतों का भी सामना करना पड़ा लेकिन बैंकों ने केसीसी समेत अन्य बकाए के मामले में आरसी काट दी हैं। वसूली के नाम पर उन्हें परेशान किया जा रहा है। नगर अध्यक्ष चंद्रमोहन वर्मा ने कहा कि किसानों को परेशान करने वाले बैंक अफसरों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शासन की मंशा के विपरीत काम करके बैंक अफसर किसानों को मानसिक रूप से भी उत्पीड़ित कर रहे हैं।
पंचायत में देहात क्षेत्र में पेयजल की किल्लत का भी मामला उठा। गांव ननाखेड़ा, चौसिंगा, सरौता, सराय स्वाले और पलिया में खराब पड़े हैंडपंप को महीनों बाद भी ठीक नहीं कराने का आरोप लगाया गया। पंचायत के दौरान यूनियन के नेताओं ने बैंकों में तालाबंदी कर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।इस मौके पर जुगेंद्र चौहान, नत्थूलाल, नंदराम, सुरेशपाल, राजेश कुमार, पन्नालाल, गजेंद्र सिंह, सचिन, फूलवती, शिवम, राजवीर, भागीरथ, लालाराम, अल्लानूर, मनीराम, रामेश़्वर सतीश कुमार, हरचरन लाल और ओमकार सिंह आदि मौजूद थे।