बदायूं जिले के उघैती क्षेत्र में अश्लील वीडियो के मामले में निलंबित किए गए एक विद्यालय के प्रधानाचार्य आरडी शर्मा की गिरफ्तारी व बर्खास्तगी की मांग को लेकर मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने धरना दिया। भाकियू नेता सौदान सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने उघैती पंचायत घर पर प्रदर्शन किया। उन्होंने विद्यालय की प्रबंध समिति के कार्यकाल की जांच कराने की मांग भी उठाई।
धरनास्थल पर भाकियू नेता सौदान सिंह ने मांग करते हुए बताया कि वीडियो वायरल के मामले में वादी व प्रतिवादी पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने प्रधानाचार्य की नियुक्ति अवैध बताते हुए कहा कि स्कूल में कक्षा 12 तक अध्ययन होता है, इसलिए शासन द्वारा प्रधानाचार्य की नियुक्ति होना अनिवार्य है लेकिन प्रबंधन समिति के स्तर से प्रधानाचार्य नियुक्त किया गया है, इन परिस्थितियों में निलंबित प्रधानाचार्य की सेवा समाप्त का आदेश दिया जाना जरूरी है। रिपोर्ट लिखाने वाले व्यक्ति की नियुक्ति को भी अवैध बताया।
पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि वर्तमान प्रबंध समिति की शिक्षा नियमावली के विरुद्ध बनी है, क्योंकि समिति में आजीवन सदस्य ही समिति बना सकता है, लेकिन 1981 के बाद 1981 से पहले कभी भी सदस्यता सूची नहीं बनाई गई है। विद्यालय में 10 वर्षों से लगातार अनुशासनहीनता हो रही है। प्रबंधन समिति के चुप रहने को संदेह के घेरे में बताया गया। प्रधानाचार्य की सेवा समाप्त करने के साथ प्रबंध समिति भंग कर प्रशासक नियुक्त करने की भी मांग की।