सरकारी सहायता को लेकर किसानों का आक्रोश चरम पर है। गांव पिपरिया और भमोरी के किसानों ने तहसील में प्रदर्शन कर लेखपाल पर फ सल का गलत सर्वे करने का आरोप लगाया। एसडीएम गुलाब चंद्र ने लेखपालों को हिदायत दी है।
एक तरफ तो किसानों की फ सल चौपट हो गई, वहीं दूसरी तरफ सरकारी मशीनरी भी किसानों को क्षतिपूर्ति देने में पक्षपात कर रही है। इसी के चलते गांव पिपरिया के किसान प्रधान इसरार के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय पहुंचे। किसानों का आरोप था कि हलका लेखपाल एक घर में ही बैठकर सर्वे कर चले आए।
एसडीएम गुलाबचंद्र ने लेखपाल से पुन: सर्वे कर किसानों की भावना समझने का आदेश दिया। इधर, गांव भमोरी के किसानों ने भी एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर लेखपाल पर सुविधा शुल्क लेकर पक्षपातपूर्ण सर्वे करने का आरोप लगाया। किसानों का कहना था कि वास्तविक पीड़ितों को, तो सहायता मिल ही नहीं रही है। ज्ञापन सौंपने वालों में अनुराग शर्मा, रोशन, मिथलेश शर्मा, विनोद, धनवीर, नीजर कुमार, सर्वेश कुमार, सलीम, इकरार, छोटे खां, मल्लू खां आदि किसान थे।