बिसौली। नगर पालिका क्षेत्र में अप्रैल से बने मकानों पर टैक्स लगा दिया गया है। इससे लोगों पर आर्थिक बोझ पड़ेगा। जबकि अप्रैल से पहले से बने एक हजार से ज्यादा मकानों पर कर लगाने के लिए पालिका योजना बना रही है। सर्वे कराने के लिए नगर विकास विभाग को भेज गया है।
नगर पालिका ने पिछले वर्ष आय बढ़ाने के लिए हाउस टैक्स नहीं लगाया था। इस बात को लेकर नगर विकास विभाग ने कई बार नाराजगी जाहिर की। चेतावनी भी दी गई थी। तमाम निर्देशों के बाद भी गृह कर न लगने पर 2024-25 वित्तीय वर्ष में 15वें वित्त से मिलने वाली लगभग एक करोड़ की ग्रांट नहीं मिली। इसके बाद नगर पालिका प्रशासन ने पिछले वर्ष जून में इसका गजट कराकर विभाग को संतुष्ट करने का प्रयास किया था। फिर नगर विकास विभाग ने बजट नहीं दिया। पालिका को एक करोड़ का नुकसान हो गया।
तत्कालीन ईओ अनूप राय ने विभाग की मंशा के अनुरूप गृह कर लगाने का निर्णय लिया। इसके बाद अप्रैल से कर लगाने का मरौदा तैयार कर शासन को भेजा। अप्रैल से लागू गृह कर के लिए प्रस्तावित दर में भूतल आवासीय दर प्रति सौ गज तक 600 रुपये वार्षिक, मुख्य बाजार, हाईवे आदि पर व्यवसायिक भवनों पर तीन गुना होगी।