बदायूं। बिसौली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में बुनियादी सुविधाओं के अभाव में मरीजों को आए दिन दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यहां पर दो डॉक्टर तैनात हैं, जो सामान्य बीमारियों की जांच कर दवाएं लिख देते हैं। लेकिन नेत्र रोग विशेषज्ञ न होने से आंखों की समस्या वाले मरीजों को इलाज के बिना ही वापस लौटना पड़ता है।
सीएचसी में एक्सरे की सुविधा नहीं है। यदि किसी मरीज को डॉक्टर एक्सरे के लिए पर्ची दे भी देते हैं, तो उन्हें नजदीकी प्राइवेट एक्सरे केंद्र या फिर जिला मुख्यालय तक जाना पड़ता है। इससे न केवल मरीजों का समय और पैसा दोनों बर्बाद होते हैं, बल्कि गरीब तबके के लोगों को अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी झेलना पड़ता है। यहां पर एक्सरे मशीन से लेकर नेत्र परीक्षण मशीन तक उपलब्ध है। लेकिन वह ताले में बंद है।
-
क्या बोले मरीज
छह में से दी थी चार दवाएं
डॉक्टर ने छह दवाएं लिखी, लेकिन दवा काउंटर से केवल चार ही दवाएं दी गई। फिर से अनुरोध किया तो उन्होंने एक दवा और दे दी। ऐसे में यहां पर पूरी दवाएं भी नहीं दी जा रही है। - मुन्नी देवी, नागपुर
खरीदनी पड़ी टीबी की दवा
जांच रिपोर्ट के आधार पर डॉक्टर ने टीबी की दवा लिख दी। काउंटर पर गया तो उन्होंने दवा न होने की बात की। ऐसे में अस्पताल में स्थित प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र से दवा लेने पड़ी, तो कीमत 480 रुपये देने पड़े।- नरेश, बसई
वर्जन-
एक्सरे के लिए लैब टेक्नीशियन और आई स्पेशलिस्ट डॉक्टर की मांग की गई है। टेक्नीशियन न होने से मशीन बंद है। - पंकज शर्मा, एमओआईसी
-
एकीकृत स्वास्थ्य शिविर में 108 लोगों की जांच
बदायूं। अकबरपुर ब्लॉक उसावां में एकीकृत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन जिला क्षय रोग अधिकारी एवं एचआईवी-एड्स कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विनेश कुमार और ग्राम प्रधान सुनीता यादव ने किया। शिविर में गांव के लोगों की विभिन्न बीमारियों से जुड़ी जांच की गई। कुल 108 लोगों की जांच में हेपेटाइटस- बी के एक और हेपेटाइटस-सी के एक मरीज चिन्हित हुए। इसके साथ ही एसटीआई और सामान्य दवाइयों का वितरण भी किया गया।
-
मलेरिया के 54 मरीज मिले
बदायूं। स्वास्थ्य विभाग और जिला मलेरिया विभाग की ओर से जिले में शिविर लगाए जा रहे हैं। बुधवार को जिला मलेरिया विभाग की ओर से 21 गांवों में शिविर लगाया गया। जिसमें 927 जांच मलेरिया की हुई। विभाग के अनुसार इनमें 54 लोग मलेरिया पॉजिटिव मिले हैं। अब तक जिले में 1661 मरीज मलेरिया पॉजिटिव पाए जा चुके है। जिला मलेरिया अधिकारी योगेश सारस्वत ने बताया कि गंगपुर में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया गया है। इसके अलावा काजीपुर गांव में फागिंग कराई गई। संवाद
सीएचसी पर लगी मरीजों की भीड़ दवा लेने के लिए। संवाद- फोटो : सुल्तानगंज के राहुल देव को मैन ऑफ द मैच का पुरुस्कार प्रदान करते अतिथि।
सीएचसी पर लगी मरीजों की भीड़ दवा लेने के लिए। संवाद- फोटो : सुल्तानगंज के राहुल देव को मैन ऑफ द मैच का पुरुस्कार प्रदान करते अतिथि।