जिले में विद्युत विभाग का हाल बेहाल चल रहा है। इससे ग्रामीण, किसान, शहरी सभी को दिक्कतों का सामना करना पड़ा रहा है। पहले से लो-वोल्टेज, बिजली कटौती की समस्या झेल रहे ग्रामीणों के सामने अब नई समस्याएं आने लगी हैं। पहला मामला भदरौलिया गांव का का है, जहां बिजली सप्लाई तो नहीं की जा रही है, केवल बिल भेजे जा रहे हैं। वहीं, दूसरा मामला समरेर ब्लॉक के प्रह्लादपुर गांव का है, जहां विद्युतीकरण के कार्य को अधूरा छोड़ दिया गया है। इन मामलों की शिकायत ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री और एसडीएम को पत्र भेजकर की है।
भदरौलिया में बिजली सप्लाई बिना किए भेजा बिल
कादरचौक। गांव में न तो बिजली है, न ही खंभों पर तार ही, बावजूद इसके आधा दर्जन से अधिक ग्रामीणों के घर बिजली के बिल उनके घर पहुंच रहे हैं। बिना बिजली प्रयोग करे निरंतर बिल आने से क्षुब्ध ग्रामीणों ने इसकी शिकायत स्थानीय से लेकर प्रदेश स्तर तक कर बिल माफ कराने समेत बिजली सप्लाई सुचारू कराने व इस प्रकरण में जांच की मांग को लेकर की, लेकिन इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।
विकास खंड कादरचौक की ग्राम पंचायत असरासी के गांव भदरौलिया निवासी ग्रामीणों ने शिकायती पत्र में बताया कि गांव को 133/11 केवी विद्युत उप संस्थान असरासी में रमजानपुर फीडर से पांच खंभों को लगाकर गांव के निकट दो खंभों पर ट्रांसफार्मर रखकर पूरे गांव में विद्युतीकरण किया था। बताया कि कुछ ही समय के बाद लाइन से तारों और ट्रांसफार्मर को उतार लिया गया। तब से अब तक तार नहीं लगाए गए हैं। आरोप है कि गांव के करीब आधा दर्जन लोगों के नाम से हजारों रुपये के बिल निरंतर विभाग भेज रहा है। इसमें सत्यपाल, जयपाल, नेत्रपाल, बाबूराम, शंकरलाल, कन्हईलाल, रामदीन आदि लोग शामिल हैं। बताया कि इस बारे में उच्चाधिकारियों से शिकायत की, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं की जा रही है। ग्रामीणों ने मामले की जांच कराकर दोष कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
प्रह्लादपुर में खंभे खींचकर चले गए विद्युतकर्मी
दातागंज। समरेर ब्लॉक क्षेत्र के गांव प्रह्लादपुर के ग्रामीणों ने उनके गांव में पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के तहत हो रहे कार्य में लापरवाही किए जाने का आरोप लगाया। गांव में खंभे खींचकर चले जाने का आरोप विद्युत कर्मियों पर लगाया। एसडीएम को ज्ञापन देकर उनके गांव में बिजली सप्लाई कराने की मांग की।
प्रह्लादपुर के ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव में तीन माह पहले खंभे खींचे गए थे, लेकिन उसमें तार से कनेक्ट नहीं किया गया है, जबकि गांव के महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित बाकरपुर से ही बिजली के तारों को जोडना है। ग्रामीणों ने कहा कि विभागीय कर्मचारियों ने गांव के लोगों से कनेक्शन कराने के लिए कहा था तो 117 लोगों ने अब तक विद्युत कनेक्शन करा लिए हैं, लेकिन विद्युत सप्लाई नहीं की जा रही है। कहा कि समय से उनके गांव में बिजली सप्लाई नहीं की गई तो वे लोग धरना प्रदर्शन को बाध्य होंगे। इस मौके पर सुशील गुप्ता, दिनेश चंद्र शर्मा, शिशुपाल, रामधुन, वीरेश गुप्ता, ओमपाल आदि शामिल रहे।
ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के तहत गांव में विद्युतीकरण का कार्य पेस पॉवर कंपनी कर रही है। केंद्र सरकार से रुपये नहीं मिलने की वजह से संस्था ने काम बंद कर दिया है। गांव की आबादी के 10 फीसदी कनेक्शन होने के बाद ही बिजली सप्लाई की जाएगी।
छैलबिहारी, एक्सईएन, विद्युत वितरण खंड द्वितीय
भदरौलिया के ग्रामीणों की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच करने के निर्देश संबंधित एसडीओ को दे दिए गए हैं। जांच में ग्रामीणों की बात सही पाई जाती है तो उनके बिजली बिलों को संशोधित कराया जाएगा।
अतुल अग्रवाल, एक्सईएन, विद्युत वितरण खंड प्रथम