बगरैन। वजीरगंज के कस्बा बगरैन में पेट्रोल पंप के पास बाइक सवार मामा-भांजे को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में भांजे की मौत हो गई जबकि मामा गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा शनिवार सुबह करीब नौ बजे हुआ। इस्लामनगर के गांव लभारी की मढ़ैया निवासी प्रदीप (25) पुत्र ओमप्रकाश दिल्ली में सफाई कार्य करते थे। वह शुक्रवार रात दिल्ली से बाइक द्वारा अपनी ननिहाल को निकले। शनिवार सुबह करीब दो बजे वह अपनी ननिहाल संभल जिले के थाना हयातनगर के गांव महोरा लखुपुरा पहुंचे। कुछ देर ननिहाल में रुकने के बाद वह अपने मामा सुनील के साथ बरेली के गांव टिसुआ स्थित अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे। बाइक सवार मामा-भांजे जैसे ही बिसौली आंवला मार्ग पर कस्बा बगरैन में पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तभी तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को टक्कर मार दी। इसमें प्रदीप की मौके पर मौत हो गई जबकि मामा सुनील घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रदीप का शव क्षत विक्षत हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। वहीं परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग रोते- बिलखते जिला मुख्यालय पहुंचे । बाइक सवार दोनों ही हेलमेट नहीं लगाए थे। संवाद