उसहैत। कस्बे के विद्युत उपकेंद्र के सामने मंगलवार पूर्वाह्न 11 बजे उसहैत थाने की जीप की चपेट में आकर एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने युवक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
थाना क्षेत्र के गांव ललोमई निवासी गौरव गिरि मंगलवार सुबह करीब 11 बजे बाइक से उसहैत कस्बे में किसी काम से आया था। इसी बीच विद्युत उपकेंद्र के सामने उसकी बाइक पुलिस की जीप की चपेट में आ गई। जोरदार टक्कर लगने से वह बाइक समेत सड़क पर सिर के बल गिर गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा होने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। जीप चालक सिपाही विनय अन्य पुलिस कर्मियों की मदद से घायल को अस्पताल ले गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद युवक को मेडिकल कॉलेज लाया। सूचना मिलने पर परिजन भी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। युवक की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां ले जाकर परिजनों ने उसे भर्ती करा दिया है। हादसे के दौरान युवक हेलमेट नहीं पहने था।