बदायूं। मामा के घर होली मिलने बाइक से जा रहे युवक को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची सिविल लाइंस पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस ने हादसे की सूचना परिवार के लोगों को दी, जिसके बाद रोते-बिलखते परिजन अस्पताल पहुंच गए।
कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव अहरुईया निवासी भानुप्रताप (19 साल) पुत्र महेंद्र पाल शनिवार को घर से बाइक लेकर अपनी ननिहाल जाने के लिए निकले थे। परिजनाें ने बताया कि उसकी कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव सदठेर तेजपाल के यहां थी। वह होली मिलने जा रहा था। जैसे ही उसकी बाइक सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के बहेड़ी के पास पहुंची कि सामने से आ रहे ट्रक के चेचिस के चालक ने बाइक को अपनी चपेट में लिया। हादसे में युवक बाइक समेत सड़क किनारे जा गिरा।
राहगीरों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। युवक को जिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। शव देख परिजन बेसुध हो गए। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। आज पुलिस शव का पोस्टमॉर्टम कराएगी।
पांच बहनों का इकलौता भाई था भानुप्रताप
भानुप्रताप की मौत से पांच बहनों समेत परिजनों का हाल बेहाल है। परिजनों ने बताया कि पांच बहनों का वह इकलौता भाई था। वह एक बहन से छोटा व चार बहनों से बड़ा था। उसकी मौत से सभी सन्न हैं।
कादरचौक पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक पकड़ा
हादसे के बाद ट्रक का चेचिस लेकर चालक कादरचौक की ओर भाग निकला। पुलिस ने कारदचौक पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद वहां की पुलिस ने ट्रक व चालक को पकड़ लिया। बाद में उसे सिविल लाइंस थाने भेजा गया है।