दातागंज सीएचसी में बाइक सिक्किम की बाइक राइडर प्राथमिक उपचार में। संवाद
दातागंज (बदायूं)। गंगा एक्सप्रेस-वे पर बुधवार की सुबह सिक्किम की बाइक राइडर भी चूक गईं। उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। एक्सप्रेस-वे पर तैनात एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी लाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, सिक्किम की बाइक राइडर कीर्ति राय (29) पुत्री मदन राय दिल्ली से लखनऊ के लिए चली थीं। बुधवार की सुबह गंगा एक्सप्रेस-वे के 203 किमी प्वाइंट पर बाइक डिवाइडर से टकराने की वजह से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्होंने बताया कि बाइक चलाते समय झपकी आ जाने के कारण दुर्घटना हुई।
घटना की जानकारी होने पर तत्काल एक्सप्रेस-वे पर तैनात एंबुलेंस से उनको दातागंज सीएचसी लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उनको प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई।
सीएचसी अधीक्षक रिदेश भसीन ने बताया कि उनके शरीर में कई स्थानों पर चोट आई है। सिर में गंभीर चोट होने के कारण उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। दुर्घटना में घायल होने के कारण बाइक राइडर कीर्ति राय के बारे में मेमो बनाकर दातागंज कोतवाली भेज दिया गया है।
सीओ दातागंज अशेष नाथ सिंह ने बताया कि डिवाइडर से टकराने की वजह से हादसा हुआ। बाइक राइडर को सीएचसी से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।