इस्लामनगर। कस्बे के मोहल्ला कुरैशी के मछली बाजार में शुक्रवार शाम टेंपो की टक्कर से बाइक का शीशा टूटने के बाद बवाल हो गया। आमने-सामने रहने वाले एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ। करीब एक घंटे तक पथराव में पांच लोग घायल हो गए और कई दुकानों के शीशे टूट गए। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ीं। पथराव करते लोगों को गलियों में खदेड़कर हालात पर नियंत्रण किया जा सका। घायलों में से तीन की हालत गंभीर है। दोनों पक्षों के नौ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
यह बवाल तब हुआ, जब मछली बाजार के पास मुहर्रम के जुलूस की तैयारियां चल रही थीं। इसके लिए तिराहे पर ताजिया रखा था। इसी दौरान संभल जनपद के हयातनगर निवासी दीपक बाजार में मछली उतारने के लिए टेंपो लेकर पहुंचा। उसके टेंपो की टक्कर से मोहल्ला कुरैशी निवासी याबर के पुत्र कल्लू की मोटरसाइकिल का शीशा टूट गया। इस पर याबर और दीपक के बीच कहासुनी हुई, लेकिन दीपक ने शीशा बदलवाने की बात कहकर मामला शांत करा लिया।
कुछ ही देर बाद पड़ोस में रहने वाले याकूब कुरैशी मौके पर पहुंच गए। दीपक का पक्ष लेते हुए याकूब ने याबर से कुछ कहा। चूंकि याकूब और याबर के बीच पहले से खुन्नस बनी हुई थी, इसलिए याबर अपने को कमजोर साबित नहीं होने देना चाहता था। देखते ही देखते दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। इसके बाद घरों और छतों पर चढ़कर एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर बरसाना शुरू कर दिया गया। पथराव से पूरे मोहल्ले में भगदड़ और दहशत फैल गई। गलियां पथराव से पट गईं।
पथराव और बवाल की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। एसपी ग्रामीण डॉ हृदेश कठेरिया, सीओ बिल्सी आलोक सिद्धू दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और बवालियों पर काबू पाने के लिए पुलिस ने लाठियां भांजनी शुरू कर दीं। पथराव करने वालों को पुलिस कर्मियों ने दूर तक खदेड़ा। इसके बाद बिल्सी सर्किल के सभी थानों की पुलिस मौके पर बुला ली गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के नौ लोगों को हिरासत में ले लिया।सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
ये हुए घायल, तीन रेफर
पथराव से आरिफ, आमिद, इमरान, बबलू, फारुख घायल हो गए। उन्हें सीएचसी ले जाकर भर्ती कराया गया। इनमें से इमरान, आमिर तथा आरिफ की हालत गंभीर है, उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
सीसीटीवी के फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
बवाल के बाद एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया और सीओ बिल्सी आलोक सिद्धू ने दोनों पक्षों के लोगों से बातचीत कर शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी के वीडियो फुटेज खंगाल रही है।
पथराव और मारपीट की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों के नौ लोगों को हिरासत में लिया है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। इसमें विधिक कार्रवाई की जा रही है। -डॉ. हृदेश कठेरिया, एसपी ग्रामीण
पथराव के बाद फैले ईट-पत्थर संवाद
पथराव के बाद फैले ईट-पत्थर संवाद