बदायूं। बुधवार देर शाम वजीरगंज इलाके में एक बाइक नीलगाय से टकरा गई। हादसे में एक महिला और एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिए हैं। अभी तक उनकी शिनाख्त नहीं हुई है। पुलिस बाइक नंबर के आधार पर पता लगाने में जुटी है।
ये हादसा वजीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम रूपपुर और कंजुआ के बीच हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक बाइक पर सवार व्यक्ति और एक महिला बिल्सी की ओर से आ रहे थे। वह हेलमेट नहीं लगाए थे। जैसे ही उनकी बाइक दोनों गांव के बीच पहुंची कि उसी वक्त तेज गति में सड़क पार करने की कोशिश कर रही नीलगाय आकर टकरा गई। इससे महिला और पुरुष सड़क पर जा गिरे। उन्हें देखकर मौके पर दर्जनों लोग जमा हो गए। लोगों ने तुरंत थाना पुलिस को सूचना दी जिससे पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों को स्वास्थ्य केंद्र ले गई। महिला की पहले मौत हो गई। कुछ देर बाद उस व्यक्ति ने भी दम तोड़ दिया। दोनों कौन हैं और कहां के रहने वाले हैं, इसका पता नहीं चल सका। पुलिस ने दोनों शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिए हैं। एसओ प्रदीप यादव ने बताया कि हादसे में महिला और पुरुष की मौत हो गई है। उनके बारे में पता करने की कोशिश कर रहे हैं।