बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के गांव बरनी ढकपुरा-खितौरा मार्ग पर बृहस्पतिवार को श्रीमद्भागवत कथा सुनने जा रहे बुजुर्ग को पीछे से आए बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार और बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
गांव बरनी निवासी अजयपाल सिंह (60) बृहस्पतिवार दोपहर खितौरा रोड पर स्थित देवी मंदिर पर चल रही श्रीमद्भागवत कथा सुनने के लिए पैदल जा रहे थे। इसी दौरान गांव पालपुर निवासी इंद्रपाल गंगा स्नान करके कछला से बाइक से लौट रहे थे।
वह सामने से आ रहे अन्य वाहन को देख कर अचानक बाइक से नियंत्रण खो बैठे और अजयपाल से टकरा गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। वहां मौजूद लोगों ने सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद उन्हें बिल्सी सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। संवाद