दहगवां (बदायूं)। दवा लेने संभल गए पिता-पुत्र की बाइक गुन्नौर क्षेत्र में शनिवार को डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि सड़क पर छुट्टा पशु को बचाने के प्रयास में बाइक डिवाइडर से टकराई गई थी। घायल को गुन्नौर सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
थाना जरीफनगर क्षेत्र के गांव रसूलपुर कला निवासी शिशुपाल सिंह (45) बेटे सोमवीर के साथ बाइक से शनिवार को संभल दवा लेने गए थे। गुन्नौर थाना क्षेत्र के गांव इटऊआ के पास बाइक के सामने गोवंश आ गया। उसे बचाने के चक्कर में बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में शिशुपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा सोमवीर घायल हो गया था। कोतवाली गुन्नौर पुलिस को सूचना परिजनों को दी। परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। पोस्टमार्टम के बाद शव रविवार को गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया। वहीं घायल का उपचार चल रहा है।