बदायूं। नाबालिग छात्रा को बहलाकर ले जाने व दुष्कर्म करने का मुकदमा बिनावर पुलिस ने एडीजी के आदेश पर दर्ज कर लिया है। दस दिन बाद भी पीड़िता के बयान व मेडिकल नहीं कराया गया है, जबकि आरोपी हिरासत में है। चर्चा है कि मामले में ढील डालकर पीड़िता पक्ष पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है।
बिनावर क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली हाईस्कूल की छात्रा को बीती 9 अगस्त को गांव का ही युवक बहलाकर ले गया था। 10 अगस्त को पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की। 13 अगस्त को किशोरी चंदौसी बस स्टैंड के पास से बरामद हुई। किशोरी ने बताया कि गांव का ही हरीश पुत्र पप्पू उसे बस में बैठाकर चला गया। धमकी दी कि अगर किसी को कुछ बताया तो हश्र बुरा होगा।
किशोरी ने बताया कि आरोपी ने उसे चंदौसी और बल्लिया थाना भमोरा में बंधक बनाकर रखा व दुष्कर्म किया। 20 अगस्त को पिता किशोरी को लेकर एडीजी के यहां गए, तब पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद से अब तक पुलिस ने पीड़िता के अदालत में बयान दर्ज नहीं कराए। पीड़िता का मेडिकल तक नहीं कराया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी हिरासत में है। पीड़िता का मेडिकल व बयान कराए जाएंगे। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।