जनपद के सभी ब्लाक मुख्यालयों पर दूसरे दिन भी समाजवादी विकास दिवस मनाया गया। सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों और जन सामान्य को प्रदेश सरकार द्वारा गत चार वर्षों में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी दी गई। बुधवार को श्रम विभाग की साइकिल वितरण योजना के तहत 150 साइकिलें पात्र श्रमिकों को दी गईं।
ब्लाक उझानी परिसर में आयोजित समाजवादी विकास दिवस के भव्य समारोह में जिलाधिकारी शंभूनाथ ने शिरकत की। श्रम विभाग की साइकिल वितरण योजना के तहत प्रति ब्लाक 10 साइकिल की दर से 15 ब्लाकों में 150 साइकिलों का वितरण किया गया।
वजीरगंज। विकास खंड मुख्यालय पर नोडल अधिकारी प्रभारी बीडीओ शंकर लाल पाल तथा एडीओ पंचायत राजनरायन सिंह ने सरकार द्वारा संचालित विकास योजनाओं की जानकारी दी। नुक्कड़ नाटक द्वारा सरकार का गुणगान किया गया। इस अवसर पर कौशल मिशन कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षत किए गए बच्चों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
अंबियापुर। सपा नेता सर्वेश यादव ने दस लाभार्थियों को साइकिल वितरित की। नोडल अधिकारी अंबिका प्रसाद और प्रभारी बीडीओ राजेश यादव ने कौशल योजना के तहत प्रमाणपत्र वितरित किए।
सरकार का गुणगान करने पहुंचे अधिकारी-नेता
अलापुर। म्याऊं ब्लाक परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सीडीओ प्रताप सिंह भदौरिया ने सरकार द्वारा चलाई गई योजनाओं के बारे में बताया। साथ ही लोगों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। बीडीओ भीमजी उपाध्याय ने लोगों को खाद्य सुरक्षा अधिनियम के बारे में बताया। सपा के जिला उपाध्यक्ष आस मोहम्मद ने प्रदेश सरकार को विकासवादी सरकार बताया। इस मौके पर एमओआईसी डा. महेंद्र भान सिंह, पशु चिकित्साधिकारी, एडीओ महेश पाल, शिव सिंह शाक्य, आफाक हुसैन, मुजाहिद हुसैन, रंजीत सिंह, सुनील कुमार मौर्य, यशपाल सिंह, सुपरवाइजर मंजू आदि मौजूद रहे।
सीडीपीओ रहीं नदारद
अलापुर। विकास खंड पर होने वाली बैठकों से नदारद रहने का सीडीपीओ का सिलसिला यहां भी बरकरार रहा। बैठक में भाग लेने पहुंचे सीडीओ प्रताप सिंह भदौरिया ने पूछा कि सीडीपीओ कहां है? इस पर मौजूद सुपरवाइजर ने बताया था कि मैडम का फोन आया था। बोलीं, कह देना छुट्टी पर हैं। इसे लेकर सीडीओ ने नाराजगी जताई।