जीत के बाद खुशी मनाते भोजपुर किंग के खिलाड़ी। संवाद
बिल्सी। गांव सिमर्रा भोजपुर में आयोजित एसबीपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट में बृहस्पतिवार को भोजपुर किंग और सिमर्रा रॉयल के बीच मुकाबला हुआ। अंतिम ओवर तक चले संघर्ष में भोजपुर किंग ने सिमर्रा रॉयल को एक विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए सिमर्रा रॉयल की टीम 12 ओवर में 85 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से सोनू ने सर्वाधिक 35 रन बनाए, जबकि अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके। भोजपुर किंग के गेंदबाज किरण पाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार विकेट झटके। शिवम शाक्य ने भी दो विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा।
86 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भोजपुर किंग की शुरुआत धीमी रही और पावर प्ले में टीम केवल 26 रन ही बना सकी। इसके बाद अंकित शाक्य और शिवम शाक्य ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत की ओर बढ़ाया। अंकित शाक्य ने 35 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। भोजपुर किंग ने 11.1 ओवर में नौ विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए किरन पाल को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस दौरान सुदेश बाबू, महेश चंद, सत्य प्रकाश शाक्य, बब्लू शाक्य, ज्ञान प्रकाश शाक्य आदि मौजूद रहे। संवाद