नाधा सब स्टेशन परिसर में धरना देते भाकियू के कार्यकर्ता। संवाद
- फोटो : kathua news
दहगवां। भाकियू टिकैत गुट ने विद्युत निगम कर्मियों की मनमानी के विरोध में नाधा विद्युत उपकेंद्र पर धरना देकर प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप था कि उनकी समस्याओं का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। बिजली नहीं होने से सिंचाई के अभाव में उनकी फसलें सूख रहीं हैं। जेई फोन नहीं उठाते, डीएम तक शिकायत की पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। जब तक उनकी समस्या का निस्तारण नहीं होता धरना-प्रदर्शन होता रहेगा।
सोमवार सुबह काफी संख्या में किसान भाकियू टिकैत गुट के ब्लाॅक अध्यक्ष जुगल किशोर और तहसील अध्यक्ष नत्थू सिंह के नेतृत्व में नाधा विद्युत उपकेंद्र पहुंचे और धरना देकर बैठ गए। इस दौरान दोनों नेताओं ने विचार भी रखे। बोले-ट्रांसफाॅर्मर फुंके पड़े हैं, लाइनें जर्जर हैं। नाधा क्षेत्र के आसपास के सभी गांव अंधेरे में हैं। यही नहीं तीन किलोमीटर बिजली की लाइन जर्जर व जमीन पर लटकी पड़ी है। शिकायत की पर कोई सुनवाई नहीं हुई। जब तक समस्या का समाधान नहीं हो जाता विरोध जारी रहेगा। इस दौरान रामपाल, राजू, देव प्रकाश, राजेन्द्र सिंह, विजेन्द्र सिंह, हरिओम, राजीवर, महेंद्र आदि मौजूद रहे।