उसावां। थाना क्षेत्र के गांव वमनपुरा निवासी नेमसिंह ने प्रेम प्रसंग में मिले धोखे के बाद विषैला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। युवक शादीशुदा था। उसका क्षेत्र की एक विवाहिता से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजन विवाहिता के घरवालों पर मारपीट कर जहर देने का आरोप लगा रहे हैं।
क्षेत्र के गांव वमनपुरा निवासी नेमसिंह (26) को रविवार दोपहर गांव से एक किलोमीटर दूर ग्रामीणों ने खेत में पड़ा देखा। उसकी हालत काफी खराब थी। ग्रामीणों ने उसके भाई को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों के साथ पहुंचे ग्रामीण वीडियो बनाते रहे, लेकिन उसको जल्द इलाज के लिए नहीं ले गए।
काफी देर बाद जिला अस्पताल ले जाए जाने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन ने बताया कि नेमसिंह का उसावां थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली विवाहिता से प्रेम प्रसंग चल रहा था। नेमसिंह पिछले आठ दिन से अपने घर नहीं गया था। परिवार के लोगों ने जब भी फोन कर पूछा तो उसने कहीं बाहर होने की बात बताई। बाद में पता लगा कि वह विवाहिता के घर पर है।
बताया जा रहा है कि रविवार को नेमसिंह महिला को लेकर जाना चाहता था। शादीशुदा होने के कारण महिला ने उसके साथ जाने से मना कर दिया। इसके बाद महिला से झगड़कर नेमसिंह वहां से चल दिया। वहीं नेमसिंह के परिजन का आरोप है कि विवाहिता व उसके घरवालों ने नेम सिंह को विषैला पदार्थ दिया है।
समय पर अस्पताल ले जाते तो शायद बच जाती जान
बताते हैं कि जब ग्रामीणों ने नेमसिंह को खेत में पड़ा देखा तो उसका वीडियो बनाकर पूछताछ करने लगे। युवक कराहता रहा, लेकिन लोग उसकी वीडियो बनाने में लगे रहे। कुछ लोगों का कहना है कि यदि वीडियो न बनाकर उसे सीधे अस्पताल ले जाया जाता तो शायद उसकी जान बच जाती।
युवक ने जहर खाया या खिलाया गया, यह तो जांच के बाद ही सामने आ सकेगा। फिलहाल उसका पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई कराई जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - केके तिवारी, सीओ दातागंज
नेम सिंह का फाइल फोटो।