संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। उसहैत क्षेत्र में एक ब्यूटी पार्लर संचालिका पर चार जुलाई को एक युवक ने मसाज करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उससे छेड़खानी की। इसके बाद उसे व उसके पति के साथ मारपीट की। आरोप है कि थाने में शिकायत करने पर पुलिस ने महिला और उसके पति समेत दो लोगों का शांतिभंग में चालान कर दिया। पीड़ित दंपती ने सोमवार को एसएसपी से शिकायत की है। उसहैत कस्बा के एक वार्ड निवासी ब्यूटी पार्लर संचालिका ने एसएसपी से शिकायत की। बताया कि चार जुलाई की रात साढ़े नौ बजे उसके पार्लर में वार्ड का ही एक युवक आया। उसने मसाज करने का दबाव बनाया। न करने पर अश्लील हरकत की। विरोध करने पर युवक ने कॉल करके अपने चाचा समेत परिवार के लोगों को बुला लिया।
आरोप है उनके हाथों में लोहे की रॉड और फरसा था। उसने चीख पुकार की। इस पर उसके पति जूस की दुकान बंदकर आ गए। आरोपियों ने उसके पति को दुकान से खींचकर जमकर पीटा। बचाव करने पर उसके साथ छेड़खानी की।
आरोप है कि वह पति के साथ उसहैत थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। इस पर पुलिस ने उसके पति व मिलन गुप्ता का शांतिभंग में चालान कर दिया। जबकि छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज नहीं की। एसएसपी ने सीओ उझानी से जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। उसहैत एसओ विक्रम सिंह ने बताया मामला मारपीट का है। दोनों पक्षों के दो लोगों का शांतिभंग में चालान किया गया था।