बिसौली। ब्लॉक क्षेत्र के गांव बसई से चंद्रपुर जाने वाला मार्ग पिछले दो साल से बदहाल है। सड़क के करीब 200 मीटर के हिस्से में गहरे गड्ढे हो गए हैं। जलभराव के कारण मार्ग का यह हिस्सा तालाब में तब्दील हो गया है। इस रोड की कुछ जमीन श्याम पाल ने जमीन पर दावा कर कोर्ट में मुकदमा दायर कर दिया है। कोर्ट में सड़क का मामला लंबित होने के कारण निर्माण नहीं हो पा रहा है।
ग्रामीण नन्हें पाठक ने बताया कि वह ट्रैक्टर से ईंट लेकर घर आ रहे थे, पानी भरा होने के कारण सड़क में गड्ढे का अहसास नहीं हुआ। ट्रैक्टर का एक पहिया गहरे गड्ढे में चला गया। इससे एक्सल टूट गया। इससे लगभग 10 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। ग्रामीण आशुतोष पाठक ने बताया कि इस मार्ग की खराब हालत के संबंध में कई बार उच्चाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। अमित कुमार ने बताया कि विभागीय कर्मचारी कई बार काम कराने आए लेकिन कुछ स्थानीय लोग अपनी जमीन का मुआवजा न मिलने की बात कहकर काम रुकवा देते हैं। गुड्डू पाठक, अनुज पाराशरी, सचिन पाठक, शिवकांत, मुनीष शर्मा, करनेश पाठक सहित तमाम ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए। ग्राम प्रधान हरिओम पाठक ने बताया कि इस सड़क का निर्माण 30 वर्ष पहले पीडब्ल्यूडी ने करवाया था। दो वर्ष वह क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क का कुछ हिस्सा बेहद खराब है। दो गांवों के बीच आवागमन बेहद मुश्किल भरा है।