कुंवरगांव। सोशल मीडिया पर प्यार का खुमार ऐसा चढ़ा कि बरेली की शादीशुदा महिला अपने फेसबुक प्रेमी को तलाश करते हुए कुंवरगांव थाने जा पहुंची। अब वह प्रेमी के साथ शादी करने की जिद पर अड़ गई है। दोनों के परिवार वाले उसे समझाने में लगे हैं, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं है।
बरेली जिले के अलीगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला की दोस्ती फेसबुक पर कुंवरगांव क्षेत्र के एक युवक से हुई थी। दोनों फेसबुक पर ही एक-दूसरे को प्यार हो गया। इसके बाद महिला ने आठ दिन पहले अपने पति से रिश्ता तोड़ लिया और वह अपने मायके जाकर रहने लगी। शुक्रवार शाम महिला अचानक कुंवरगांव थाने पहुंची और पुलिस को अपने प्रेम प्रसंग के बारे में बताया।
इसके बाद पुलिस ने उसके प्रेमी को थाने बुला लिया। उसके पीछे-पीछे युवक के परिवार वाले भी थाने आ गए। पुलिस की सूचना पर महिला के घर वाले भी थाने पहुंच गए। महिला ने युवक के साथ रहने की जिद पकड़ ली है। दोनों के परिवार वाले उन्हें मानने में जुटे रहे, लेकिन महिला उनकी बात मानने को तैयार नहीं है।
बताते हैं कि दोनों एक ही बिरादरी के हैं। युवक अविवाहित है। परिजन शादीशुदा महिला से विवाह नहीं होने देना चाहते हैं। इंस्पेक्टर राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि दोनों बालिग हैं और एक दूसरे के साथ रहना चाहते हैं। इसमें कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।