बरेली से कासगंज के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन का बितरोई रेलवे स्टेशन के पास इंजन फेल हो गया। इससे ट्रेन को करीब एक घंटे तक वहां पर खड़ा रखा गया। इसके बाद कासगंज से इंजन मंगवाकर ट्रेन को रवाना किया जा सका। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जिस पर हंगामा किया गया। ट्रेन लेट होने की वजह से रेलवे स्टेशनों पर यात्री इंतजार करके परेशान होते रहे।
बरेली से कासगंज की ओर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन संख्या 55344 अपने निर्धारित समय से करीब 15 मिनट देरी से उझानी रेलवे स्टेशन पहुंची। वहां पर इंजन हीट करने लगा तो उसमें पानी डालकर ठंडा किया गया। करीब 15 मिनट तक इंजन को ठंडा करने के बाद ट्रेन को रवाना किया गया। इसके बाद ट्रेन वितरोई रेलवे स्टेशन के पहुंची होगी कि उसका इंजन फेल हो गया। पहले तो चालक और गार्ड ने उसे दुरुस्त करने का प्रयास किया। बाद में इसकी सूचना इज्ज्तनगर के चीफ कंट्रोलर को दी गई। कासगंज से दूसरा इंजन भेजकर ट्रेन को रवाना किया गया। इस दौरान करीब एक घंटे तक ट्रेन खड़ी रही।
इंजन फेल होने की वजह से कासगंज से बरेली जाने वाली ट्रेन भी करीब दो घंटे लेट हो गई। इससे उझानी और बदायूं रेलवे स्टेशन पर इंतजार कर रहे यात्रियों को परेशानी हुई। वहीं, जल्दी जाने के चक्कर में तमाम यात्री बसों से रवाना हो गए। इस संबंध में बदायूं रेलवे स्टेशन के अधीक्षक ओपी मीना ने कहा कि इंजन फेल होने की वजह से ट्रेन लेट हो गई थी, जिसे सही कर लिया गया है।