श्रीरामचंद्र मेमोरियल इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद छात्राएं। संवाद
- फोटो : BADAUN
कादरचौक (बदायूं)। भारतीय स्टेट बैंक के प्रबंधक गौरव कुमार त्रिपाठी ने कहा कि साइबर अपराधी ऑनलाइन ठगी करते हैं। उनसे बचने के लिए अपने खाते से संबंधित जानकारी किसी को नहीं बताएं। बैंक अधिकारी कभी कॉल करके ग्राहकों से खाते की जानकारी नहीं लेते। इसमें सावधान रहने की जरूरत है।
मंगलवार दोपहर अमर उजाला फाउंडेशन की मुहिम अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स के तहत श्रीरामचंद्र शास्त्री मेमोरियल इंटर कॉलेज ककोड़ा में बैकिंग सेवा और सुरक्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि गौरव कुमार त्रिपाठी ने छात्राओं को बचत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि थोड़ी-थोड़ी बचत करने से बड़े-बड़े कार्य संभव है। अब बैंक में खाता खुलवाने के लिए किसी गारंटर की आवश्यकता नहीं है।
खाते के माध्यम से ही छात्रवृत्ति मिलती है। मोबाइल बैकिंग की सुविधा भी दी जाती है, जिससे घर बैठे लेन देन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि किसी भी ऐसे व्यक्ति को जानकारी न दें जो कॉल करके बैंक खाते के विषय में जानना चाहता है। कोई लिंक या ओटीपी नंबर किसी को न दें। साइबर अपराधी आपके पैसे निकाल सकते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रतिमाह का बजट बनाते रहें। अपने खर्चों का हिसाब किताब जरूर रखें, जिससे फिजूलखर्ची पर रोक लगेगी। जो आय है, उसमें से थोड़ा- थोड़ा जरूर बचाएं। प्रधानाचार्य बाबूराम मौर्य ने भी बच्चों को फिजूलखर्ची रोकने के साथ बचत करने के उपाय बताए। इस दौरान दुर्गेश द्विवेदी, हरिश्चंद्र पाठक, अमित कुमार, कमरुद्दीन, संजीव कुमार, राम नरेश द्विवेदी आदि मौजूद रहे। संचालन स्वयं प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार जोशी ने किया।
श्रीरामचंद्र मेमोरियल इंटर कॉलेज में छात्राओं को जानकारी देते बैंक प्रबंधक। संवाद- फोटो : BADAUN