बदायूं। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की मेहनत कामयाब होती दिख रही है। जिले के अंतिम कोरोना पॉजिटिव तीनों मरीज बिल्कुल ठीक हो गए हैं। रविवार शाम उनकी आखिरी रिपोर्ट भी निगेटिव आ गई। इससे अंतिम कोरोना पॉजिटिव मरीज बैंक अधिकारी और सहसवान की एक महिला समेत बालक की बरेली के कोविड-19 हॉस्पिटल से छुट्टी कर दी गई है। तीनों को उनके घर ले जाया गया है। जहां उन्हें 14 दिन के लिए क्वांरटीन किया गया।
शहर में 25 अप्रैल को बैंक अधिकारी कोरोना पॉजिटिव निकले थे। अब तक के वह शहर में अंतिम कोरोना पॉजिटिव मरीज थे। बैंक अधिकारी 18 अप्रैल को आगरा से लौटे थे और सीधे बैंक पहुंच कर उन्होंने ड्यूटी की। दोपहर के समय उन्होंने स्टाफ के साथ खाना खाया। इसके दूसरे दिन बैंक अधिकारी की तबीयत खराब हुई। जिस पर उनके स्टाफ के लोग उन्हें एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले गए। बाद में उन्होंने जिला अस्पताल के कोरोना वार्ड में भर्ती कराया गया। लक्षण देखकर उनका सैंपल लिया गया। 25 अप्रैल को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जिस पर उन्हें बरेली भेज दिया गया था। इसके दो दिन बाद यानी 27 अप्रैल को सहसवान के भवानीपुर खल्ली निवासी एक महिला और उसके पड़ोस का रहने वाला दस वर्षीय बालक कोरोना पॉजिटिव निकले थे। ये दोनों आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले के निकले कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आने से संक्रमित हुए थे। इससे दोनों को बरेली भेज दिया गया था। तब से लेकर जिले में एक भी कोरोना मरीज सामने नहीं आया है।
बताते हैं कि दो दिन पूर्व बरेली के कोविड-19 हॉस्पिटल में तीनों की पहली रिपोर्ट आई थी। इसके बारे में जिले पर सूचना नहीं दी गई थी। उसी समय उनके एक और जांच के लिए सैंपल लेकर भेज दिए गए थे। रविवार शाम उनकी अंतिम रिपोर्ट भी निगेटिव आ गई। इससे बैंक अधिकारी, भवानीपुर खल्ली की महिला और बालक को हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कर दिया गया। फिलहाल तीनों को उनके घर में होम क्वांरटीन किया गया है। उन्हें बताया गया है कि वह कम से कम 14 दिन तक घर से बाहर नहीं निकलें।
जांच को भेजे 25 सैंपल
रविवार शाम को जिले से 25 संदिग्ध लोगों के सैंपल लेकर जांच को भेजे गए हैं। ये लोग दो-तीन दिन पहले बाहर से आए हैं। सभी म्याऊं और आसपास इलाके में क्वांरटीन किए गए हैं। शक के आधार पर इनके सैंपल लिए गए हैं। बाकी स्वास्थ्य के अनुसार सभी सुरक्षित हैं।
बैंक अधिकारी और सहसवान के कोरोना मरीज जिले के अब तक के आखिरी मरीज थे। तीनों ठीक हो गए हैं। उनको बरेली से डिस्चार्ज कर दिया गया है। अब बदायूं में एक भी कोरोना पॉजिटिव मरीज नहीं है। बाकी संदिग्ध लोग मिल रहे हैं। उनकी जांच कराई जा रही है। - डॉ. यशपाल सिंह, सीएमओ