बदायूं। उसहैत थाना क्षेत्र के ग्राम भंद्रा में शनिवार रात गोहत्या के आरोप में पुलिस ने एक वृद्घ को पीट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। परिवार वालों का आरोप है कि तीन दिन पूर्व वृद्घ के एक रिश्तेदार के यहां गोमांस मिला था। तब मामला रफा दफा कर दिया था। आधे पैसे उस दिन मिले थे और बाकी आधे पैसे लेने के लिए पुलिस रात आरोपी के घर गई। आरोपी तो नहीं मिला तो उसके पिता अब्दुल बशीर से पूछताछ की। पुलिस उसे गांव से बाहर ले गई और मारपीट की। इस मारपीट में अब्दुल बशीर की मौके पर ही मौत हो गई। इस पर गांव में हंगामा हो गया। सूचना पर सुबह एसडीएम दातागंज, एसपी सिटी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, सीओ उझानी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने जैसे-तैसे लोगों को शांत किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।