कोतवाली क्षेत्र दातागंज के गांव सैंजनी में जंगली सांड़ ने हमला कर हरियाणा के फार्मर को मार डाला। फार्मर के पेट में सींग घुसेड़ने के बाद सांड़ उसे करीब आधा किलोमीटर तक लटका कर ले गया। फार्मर की मौके पर मौत हो गई।
हरियाणा के जिला फतेहबाग की तहसील रतिया के गांव कौलगढ़ निवासी फार्मर फौजा सिंह कई साल पहले परिवार के साथ दातागंज तहसील के गांव सैंजनी में झाला बनाकर रहने लगे थे। रविवार सुबह उनके झाला में जंगली सांड़ घुस आया। फौजा सिंह के छोटे भाई गुरुदीप सिंह (54) पुत्र उजागर सिंह सांड़ को भगाने पहुंचे। सांड़ ने पलट कर गुरुदीप सिंह पर हमला कर दिया। सांड़ का एक सींग गुरुदीप के पेट में घुस गया। सांड़ उनको घसीटता हुआ करने आधा किलोमीटर तक ले गया। गुरुदीप की मौके पर मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
आठ साल पहले की गई थी बेटे की हत्या
बदायूं। करीब आठ साल पहले फौजा सिंह के बेटे गुरुदेव (24) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गुरुदेव का पड़ोसी गांव मुड़िया खेड़ा में विवाद हो गया था। बेटे की हत्या के बाद फौजा सिंह ने बदायूं छोड़ने का मन भी बनाया था, लेकिन बाद में हिम्मत करके वह यहीं रुक गए।