अलापुर। कर्नाटक के करेकाटे गांव में स्थित एक फैक्टरी में केमिकल के टैंक में सोमवार की सुबह ब्लास्ट हो गया। हादसे में बदायूं निवासी एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। ये लोग वहां काम करने गए थे। हादसे की खबर मिलते ही गांव गभियाई में रह रहे उनके परिजनों में कोहराम मच गया। बता दें कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव काे प्लेन से बदायूं भेजा जाएगा।
कर्नाटक के केरेकाटे गांव के पास फैक्टरी में केमिकल के टैंक में अचानक हुए भीषण विस्फोट में तीन मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों में बदायूं के थाना अलापुर के गांव गभियाई निवासी कल्लू (30) पुत्र मासूक अली भी शामिल हैं। हादसे में गांव के ही क़ासिम अंसारी (25) पुत्र जमीर घायल हो गए हैं, जबकि बिहार निवासी दो लोग भी इस विस्फोट में मारे गए हैं।
मामला सोमवार सुबह का है। बताते हैं कि फैक्टरी में काम के दौरान केमिकल के टैंक में अचानक तेज धमाका हो गया। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि मौके पर काम कर रहे तीन मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों और सहकर्मियों ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी।
मृतकों में एक बदायूं और दो बिहार के मजदूर शामिल हैं। बदायूं का मजदूर थाना अलापुर के गांव गभियाई निवासी कल्लू पुत्र मासूक अली शामिल है। कल्लू रोजी-रोटी की तलाश में कर्नाटक में मजदूरी करने गए थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही गांव व परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के कुछ लोग शव लेने कर्नाटक रवाना हो गए हैं। ककराला निवासी ठेकेदार गुड्डू ने परिजनों को बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव काे प्लेन से बदायूं भेजा जाएगा।
कल्लू की आर्थिक स्थिति है बेहद खराब
कल्लू की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है। घर में खपरैल पड़ी है। परिजनों ने बताया कि जमीन भी नहीं है। कल्लू की मौत के बाद परिवार को रोजी रोटी के लाले पड़ जाएंगे। कल्लू के पास तीन बेटियां और एक बेटा है।
कर्नाटक में हुए केमिकल टैंक ब्लॉस्ट में जिले के एक युवक की मौत होने की सूचना मिली है। इस मामले में तहसील प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया है। कर्नाटक से शव को प्लेन से भेजे जाने की जानकारी मिली है। - अवनीश राय, डीएम