इस्लामनगर। संभल जिले की सीमा पर एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक विधवा महिला ने इस्लामनगर थाना क्षेत्र के अल्लापुर समसपुर निवासी महेंद्र शर्मा पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर बंधक बनाकर दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसे आंगनबाड़ी में सरकारी नौकरी और पेंशन दिलाने के बहाने जाल में फंसाया और लंबे समय तक उसका शारीरिक व मानसिक शोषण किया। पीड़ित महिला, जो संभल के थाना बनियाठेर क्षेत्र की रहने वाली है, ने बताया कि उसके पति की मौत 25 वर्ष पहले हो चुकी है।
आरोपी महेंद्र शर्मा उसे आंगनबाड़ी में नौकरी और विधवा पेंशन दिलाने का लालच देकर अपने साथ अल्लापुर ले आया। आरोप है कि वहां उसे कमरे में बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, आरोपी ने महिला की छोटी बेटी का स्कूल में नाम लिखवाते समय पिता के स्थान पर अपना नाम दर्ज करवा दिया और फर्जी आधार कार्ड भी बनवा लिया।
मामला तब और बिगड़ गया जब महिला को पता चला कि आरोपी उसकी बेटी को बेचने की योजना बना रहा है। विरोध करने पर आरोपी ने महिला के खिलाफ ही बेटी के अपहरण का झूठा मुकदमा लिखवा दिया। पीड़ित महिला के अनुसार, 25 नवंबर 2025 को जब वह अपनी बेटी के साथ अपने मायके जा रही थी, तब रास्ते में कोहरे का फायदा उठाकर महेंद्र शर्मा और उसके दो साथियों ने उस पर हमला कर दिया।
आरोप है कि महिला और उसकी बेटी के कपड़े फाड़ दिए। मारपीट कर बेटी को बाइक पर बैठाकर अगवा करने की कोशिश की। राहगीरों के शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग गए थे। पीड़िता ने पहले बनियाठेर थाने में शिकायत की, लेकिन वहां सुनवाई न होने पर उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मामला दर्ज किया गया।