बदायूं के रिजर्व पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में चल रही पुरुष टीम विजेता बनी। स्रोत पुलिस
बदायूं। रिजर्व पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में सोमवार को हुई द्वितीय अंतर जनपदीय कबड्डी, जिमनास्टिक, फेसिंग व खो-खो प्रतियोगिता में जिले की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। पुरुष कबड्डी, खो-खो और जिमनास्टिक में बदायूं की टीम प्रथम स्थान पर रही। जबकि महिला कबड्डी वर्ग का खिताब शाहजहांपुर की टीम ने जीता।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन पुरुष कबड्डी वर्ग में जिले ने 35 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। पीलीभीत 25 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। महिला कबड्डी फाइनल में शाहजहांपुर ने बदायूं को 34-17 से मात देकर खिताब अपने नाम किया। खो-खो पुरुष वर्ग में बदायूं ने पीलीभीत को कड़े मुकाबले में 26-24 से हराया। जिमनास्टिक प्रतियोगिता में बदायूं 24 अंकों के साथ प्रथम और बिजनौर 19 अंकों के साथ द्वितीय स्थान पर रहा। मुख्य अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने विजेता और उपविजेता टीमों को शील्ड, प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, पीलीभीत, संभल, मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा और बिजनौर जनपदों के लगभग 180 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस मौके पर एएसपी ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया, एएसपी नगर विजयेन्द्र द्विवेदी, सीओ नगर रजनीश उपाध्याय, सीओ लाइन डॉ. देवेंद्र कुमार, जिला क्रीड़ा अधिकारी अमित रिछारिया, एनआईएस प्रशिक्षक रामदास यादव आदि मौजूद रहे।