- कृषि विभाग की टीम के साथ गई पुलिस ने मौके से पांच लोगों को पकड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
आसफपुर (बदायूं)। गांव दूंदपुर में एग्री क्लीनिक एंड एग्रीजंक्शन केंद्र के गोदाम में इफको की नकली खाद बनाते हुए मंगलवार रात खेल पकड़ लिया गया। कृषि विभाग की टीम ने पुलिस को साथ लेकर छापा मारा तो वहां नकली खाद की 1473 बोरियां मिलीं। गोदाम में ही पैकिंग भी की जाती थी। मौके से पकड़े गए पांच लोगों को कई घंटे की पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।
छापे के दौरान टीम ने गोदाम से नकली डीएपी की 121 बोरियां और इसी तरह अमोनियम सल्फेट की 134 बोरियां, फास्फेट की 250 बोरियां, पोटाश की 103 बोरियां, बायोपोटास की 100 और एनपीके की 765 बोरियों के अलावा 50 किलो सरसों और गेरू बरामद किया। इसके अलावा खाद पैकिंग करने वाली मशीन और इफको कंपनी के डीएपी व एनपीके नए कट्टे भी जब्त किए गए। सरसों का खुला बीज, बीज के खाली पैकेट और सीलिंग मशीन भी जब्त की गई।
जांच में यह सामने आया कि इफको के नाम पर यहां तैयार नकली खाद स्थानीय बाजारों में बेची जा रही थी। इससे किसानों की फसल और खेती को बड़ा नुकसान होने का अनुमान है। जिला कृषि अधिकारी मनोज कुमार रावत ने बताया कि ये लोग सरकारी और ब्रांडेड उत्पादों में भी मिलावट कर रहे थे।
मौके से पकड़े गए पांच लोग
जिला कृषि अधिकारी मनोज कुमार रावत ने बताया कि मौके पर दूंदपुर के सूरजपाल सिंह के साथ सिसरका के अरुण, जितेंद्र, ओरछी के अनुज और सुमित को पकड़ा गया। पुलिस ने उन्हें ले जाकर पूछताछ की। देर शाम उन्हें छोड़ दिया गया। विभागीय टीम ने गोदाम सील कर दिया है। उन्होंने बताया मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।