रोडवेज बस स्टैंड पर खड़ीं बसें। संवाद
बदायूं। बदायूं डिपो को मुख्यालय से पांच नई बसें मिली हैं। इन बसों को पहले महाकुंभ मेले में भेजा जाएगा, उसके बाद दिल्ली रूट पर लगाया जाएगा। जनवरी में 10 से 15 नई बसें और मिलने की उम्मीद है। लगातार नई बसों के मिलने से यात्रियों को परेशानी नहीं होगी, ऐेसा दावा परिवहन निगम के अधिकारी कर रहे हैं।
महाकुंभ मेले में हर रोज तीन बसें जा रहीं हैं। बीस जनवरी तक सौ बसें भेजने का लक्ष्य निगम को मिला है। 20 जनवरी के बाद जिले में रोडवेज बसों की संख्या कम हो जाएगी। अनुबंधित बसों के सहारे ही जिले की यातायात व्यवस्था रह जाएगी। इसी महीने में 10 से 15 और भी नई बसें जिले को मिलने की उम्मीद है। यहां बता दें कि बदायूं डिपो के पास 132 बसें हैं।
महाकुंभ मेला चल रहा है। तीन बसों को रोजाना प्रयागराज भेजा जा रहा है। 20 जनवरी तक सौ बसें मेले के लिए रवाना कर दी जाएंगी। पांच नई बसें मिली हैं। इसी माह 10 से 15 नई बसें और मिलने की उम्मीद है। कोशिश रहेगी कि यात्रियों को परेशानी न हो। - अजय कुमार, एआरएम