रिजर्व पुलिस लाइन मैदान में द्वितीय अंतर जनपदीय खो-खो प्रतियोगिता में खेलते खिलाड़ी। स्रोत:पुल
बदायूं। रिजर्व पुलिस लाइन मैदान में शनिवार को द्वितीय अंतर जनपदीय कबड्डी, जिम्नास्टिक, फेसिंग व खो-खो प्रतियोगिता हुई। पुरुष वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता के पहले मैच में मेजबान बदायूं ने रामपुर को 42-0 से हराया। दूसरे मैच में शाहजहांपुर ने बरेली को 12-10 से मात दी। तीसरे मैच में पीलीभीत ने शाहजहांपुर को 11-05 से शिकस्त दी।
तीन दिवसीय अंतर जनपदीय खेलकूद प्रतियोगिता शनिवार से शुरु हुई। इसमें पुरुष वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में पहले मुकाबले में बिजनौर ने बरेली को 28-12 से पराजित किया। दूसरे मैच में मुरादाबाद ने शाहजहांपुर को 25-01 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। महिला वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता के पहले मैच में बरेली ने रामपुर को 14-03 से हराया। दूसरे मुकाबले में शाहजहांपुर ने अमरोहा पर 12-05 से जीत हासिल की। इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने फीता काटकर किया। उद्घाटन अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर विजयेंद्र द्विवेदी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया, सीओ सिटी रजनीश कुमार उपाध्याय, सीओ लाइन व उझानी देवेंद्र कुमार, सीओ बिल्सी संजीव कुमार व प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइंस इंद्रजीत सिंह आदि मौजूद रहे।