बदायूं में मंगलवार को भाजपा की जनविश्वास यात्रा के दौरान रथ पर सवार राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्ड?
- फोटो : BADAUN
बदायूं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार को इस्लामिया इंटर कॉलेज के मैदान पर जनसभा के दौरान सपा पर तीखा हमला बोला। कहा कि कार सेवकों पर गोली चलवाने वाले अब मंदिर में घंटी बजा रहे हैं। हम जन विश्वास यात्रा निकाल रहे हैं। दूसरे दलों में ऐसी यात्रा निकालने की हिम्मत नहीं है। सपा वाले क्या माफिया या बाहुबली यात्रा निकालेंगे। कहा कि वैसे अखिलेश यादव झांसा यात्रा पर हैं और प्रदेश भर में घूमकर फर्जी दावे कर रहे हैं।
भाजपा की जनविश्वास यात्रा सोमवार रात बदायूं आ गई थी। यात्रा के पड़ाव पर जनसभा के प्रस्तावित कार्यक्रम में नड्डा आए तो शुरुआत ही सपा पर हमले से की। कहा कि इस जनविश्वास यात्रा को देखकर लग रहा है कि भाजपा ही ऐसा करा कर सकती है। यहां नेता ईमानदार और काम दमदार है। खुद और परिवार का विकास करने वालों के दिन लद गए, आज दंगाई जेल में हैं। पुरानी सरकार के एक मंत्री पांच साल से जेल में हैं जो खनन और झनन कर रहे थे।
नड्डा ने कहा कि यह याद रखना चाहिए कि मोदी पीएम और योगी सीएम है तभी अयोध्या में भव्य राममंदिर बन रहा है। अब देश में एक निशान, एक विधान और एक प्रधान है। कहा कि हम गन्ने की बात करते हैं, उनके मुंह से जिन्ना निकलता है। जिन्ना का नाम लेने वाले देश के लिए खतरा हैं। जिन्न को बोतल में बंद करने का काम भाजपा कार्यकर्ता करेंगे। यूपी पहले दंगा तंत्र था योगी आदित्यनाथ के आने के बाद अब यहां कोई माफिया नहीं दिखाई देता। बहुत से लोगों ने किसानों के नाम पर नेतागिरी की लेकिन किसानों का भला मोदी सरकार ने ही किया।
प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी हेलिकॉप्टर से नड्डा के साथ पहुंचे। केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल, अर्जुन मेघवाल, बीएल वर्मा, प्रदेश के जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह, राजस्व राज्यमंत्री छत्रपाल सिंह, नगर विकास राज्यमंत्री महेश गुप्ता, सांसद संघमित्रा मौर्य, आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने भी विचार रखे। संवाद