बदायूं। बृहस्पतिवार को सहसवान विधायक चुने गए सपा के ब्रजेश यादव के खिलाफ सिविल लाइंस थाना पुलिस ने आचार संहिता उल्लंघन की एफआईआर दर्ज की है। चुनाव जीतने से पूर्व बुधवार को वह भीड़ इकट्ठी करके संबोधन कर रहे थे और आरोप लगा रहे थे कि इस चुनाव में भाजपा कुछ भी कर सकती है। इसके वीडियो भी वायरल हुए।
सिविल लाइंस थाने में एसआई राजदीप सिंह की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर के मुताबिक नौ मार्च को वायरल हुए वीडियो के अनुसार सहसवान के सपा प्रत्याशी ब्रजेश यादव 20-25 समर्थकों को एकत्र करके संबोधित कर रहे थे। कह रहे थे कि उन्हें शंका है कि भाजपा किसी भी हद तक जा सकती है। इसलिए हम और हमारे साथी बिसौली प्रत्याशी आशुतोष मौर्य खड़े हैं। हम लोग इसी शंका के चलते आए हैं। अब हम लोग यहीं रहकर देखेंगे। अखिलेश यादव 250 से 300 सीट जीतकर सरकार बना रहे हैं। यही तो डर और बौखलाहट है जो लोग देख रहे हैं कि सरकार बन रही है, इसलिए ईवीएम चोरी कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक इस वीडियो में ब्रजेश यादव समर्थकों को उत्प्रेरित कर रहे हैं और दूसरी पार्टियों के खिलाफ अपराध करने के लिए उकसा रहे हैं। संवाद