बदायूं। आजमगढ़ से समाजवादी पार्टी के सांसद व बदायूं के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव समेत 29 लोगों को एमपी-एमएल कोर्ट ने बरी कर दिया है। उनके खिलाफ विधानसभा चुनाव के दौरान आचार संहिता के उल्लंघन करने का मामला दर्ज हुआ था। मामले में बुधवार को सांसद पेश हुए थे। न्यायाधीश ने बृहस्पतिवार को सुनवाई की तारीख लगा दी थी। जिसपर उनके अधिवक्ता जगत सिंह अदालत में पेश हुए। अधिवक्ता की दलीलों को सुनने के बाद सांसद समेत 29 लोगों को बरी कर दिया है।
बता दें साल 2022 में विधानसभा के चुनाव के दौरान बदायूं के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव सहित 29 व्यक्तियों पर मुकद्दमा दर्ज कराया गया था। आरोप था कि उन्होंने विधानसभा चुनाव में लाभ लेने के लिए उपहार बांटे हैं और महामारी अधिनियम का उल्लंघन किया था। इस मामले में सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
अदालत ने 28 जून 2024 को धर्मेंद्र यादव सहित सभी आरोपी को दोषमुक्त करार दे दिया था। इस मामले में सत्र न्यायाधीश के यहां अपील दायर की गई थी जो स्वीकार हो गई थी। अपर सत्र न्यायाधीश एमपी-एमएलए कोर्ट ने नोटिस जारी कर बुधवार को सांसद का पेश होने के लिए कहा था। इस मामले में सांसद खुद अधिवक्ता व अन्य सपा नेताओं के साथ अदालत आए और अपना पक्ष रखा। कोर्ट ने बृहस्पतिवार की तारीख लगा दी थी। जिसमें अधिवक्ता जगत सिंह ने कोर्ट में अपनी दलीलें पेश कीं। सुनने के बाद न्यायाधीश ने सांसद समेत सभी आरोपियों को दोष मुक्त करते हुए बरी कर दिया।