फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budaun News: आयुर्वेदिक अस्पतालों में दवाओं का संकट, डेढ़ साल से मरीज परेशान

विज्ञापन
राजकीय आयुर्वेदिक ​अस्पताल खाली पड़ा दवा वितरण का काउंटर। संवाद
विज्ञापन
बदायूं। जिला अस्पताल परिसर में संचालित आयुर्वेदिक चिकित्सालय इन दिनों खुद अपने अस्तित्व को बचाने की लड़ाई लड़ रहा है। हालात इतने खराब हैं कि अस्पताल में डेढ़ साल से दवाओं की आपूर्ति बंद है। इंडियन मेडिसिन फार्मास्युटिकल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईएमपीसीएल) लखनऊ से आखिरी बार दवाएं करीब 18 माह पहले आईं थीं। इसके बाद से अब तक एक भी दवा की खेप नहीं पहुंची। इसके चलते सरकारी आयुर्वेदिक सेवाओं पर निर्भर हजारों मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विज्ञापन

जिले में दातागंज, सदर, अलापुर, बाेंदरी, गिरा, कूड़ाशाहपुर, असरासी, कुंवरगांव, मोहम्मदपुर मई सराय पिपरिया समेत 26 राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल संचालित हैं। दातागंज में 25, सदर में 15 बेड हैं। इसके लिए अलावा अन्य स्थानों पर चार-चार बेड के छोटे आयुर्वेदिक केंद्र चल रहे हैं। इन सभी केंद्रों पर प्रतिमाह लगभग 55 हजार मरीज आते हैं।
अस्पतालों में सामान्य परिस्थितियों में लगभग 100 तरह की आयुर्वेदिक दवाएं उपलब्ध रहती थीं। इनमें चूर्ण, अवलेह, काढ़ा, घृत, तेल सहित कई रोगों के लिए आवश्यक औषधियां सम्मिलित थीं। मरीजों का कहना है कि डॉक्टर जांच तो कर देते हैं, लेकिन आवश्यक औषधि उपलब्ध न होने के कारण उन्हें पूरा उपचार नहीं मिल पा रहा है।
विज्ञापन

शनिवार को आयुर्वेद अस्पताल में मीनाक्षी अपने भाई के साथ दवा लेने के लिए आईं थीं, लेकिन यहां पर बताया गया कि दवाएं ही नहीं हैं। इसी तरह शहर के राजीव व मालती भी अपने बेटे की दवा लेने आईं थीं। उनको भी दवा नहीं मिल सकी। दोनों ने बताया कि यहां दवाओं के नाम पर केवल औपचारिकताएं निभाई जा रहीं हैं। कुछ दवाएं देकर काम चलाया जा रहा है।
विभागीय अधिकारियों का कहना है दवाओं को लेकर कई बार पत्राचार किया जा चुका है, लेकिन अब तक आपूर्ति बहाल नहीं हुई है। यदि जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो आयुर्वेदिक सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।



लोकल स्तर पर तीन माह पहले खरीदी थीं दवाएं, वह भी हो रहीं खत्म
मुख्य आपूर्ति बंद होने के बाद जिले के 26 आयुर्वेदिक अस्पतालों में दवा का संकट हो गया था। इसके बाद विभाग की ओर से तीन माह पहले करीब 20 लाख रुपये से दवाएं खरीदी गईं थीं। हालांकि खरीद सिर्फ 25-30 प्रकार की दवाओं तक ही सिमट कर रह गई थी। अब यह भी खत्म होने की कगार पर हैं। ऐसे में विभाग ने 30 लाख रुपये की डिमांड भेजी है। अगर समय से धनराशि मिल जाती है तो लोगों को दवाएं समय पर मिलती रहेंगी।




कई महीनों से दवाएं लखनऊ से नहीं आ रहीं हैं। इसकी वजह से कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसको लेकर समय-समय पर पत्राचार भी किया जा चुका है। कोशिश की जा रही है कि सेवाएं प्रभावित न हों। - डॉ. योगेंद्र सिंह, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अधिकारी

राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल खाली पड़ा दवा वितरण का काउंटर। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें