अलापुर (बदायूं)। मूसाझाग क्षेत्र के गुरगांव में बृहस्पतिवार शाम अवधेश की कुल्हाड़ी-फावड़े से गर्दन काटकर हत्या करने के मुख्य आरोपी मुनेंद्रभान को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं, शुक्रवार को मेडिकल परीक्षण के बाद युवती के न्यायालय में बयान दर्ज कराए गए। युवती ने परिजनों के साथ जाने से मना करते हुए युवक के साथ रहने की बात कही। भागकर जाने के बाद युवती ने आरोपी अमन के साथ प्रेम विवाह कर लिया। मेडिकल परीक्षण में वह गर्भवती बताई गई है।
गांव गुरगांव में मुनेंद्रभान की बेटी एक साल पहले गांव के ही अवधेश के भतीजे अमन के साथ चली गई थी। इसके बाद से दोनों नोएडा में रह रहे थे। बुधवार रात मूसाझाग पुलिस ने नोएडा से युवती को अपनी अभिरक्षा में ले लिया।
बृहस्पतिवार को थाने में विवेचक ने युवती के बयान दर्ज किए। पुलिस की सूचना पर युवती के परिजन भी पहुंच गए। पिता मुनेंद्र और उसके बेटों ने युवती को मनाने की कोशिश की। विवेचक और परिजनों के सामने युवती ने घर जाने से मना कर दिया। इसके बाद गुस्से में गांव जाकर बेटों और भाई के साथ मिलकर मुनेंद्रभान ने गांव में रह रहे आरोपी अमन के ताऊ अवधेश की घर में घुसकर कुल्हाड़ी और फावड़े से काटकर हत्या कर दी थी।
मृतक अवधेश के पिता गंगाराम की तहरीर पर मुनेंद्रभान, उसके बेटे राजनबाबू, अर्जुन, अंजू और भाई आर्येंद्रभान के खिलाफ हत्या की धारा में केस दर्ज किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी मुनेंद्रभान को मौसमपुर के पास यात्री शेड से गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि हत्या के मुख्य आरोपी मुनेंद्रभान को जेल भेज दिया गया है। मामले में विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है। युवती को वन स्टाप सेंटर में भेजा गया है। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सिर में आए दो गहरे जख्म
शु्क्रवार को अवधेश के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में अवधेश के सिर में दो गहरे जख्म पाए गए हैं। धारदार हथियार से सिर पर दो वार होने से अवधेश की मौके पर ही मौत हो गई थी।
आज होगा अवधेश का अंतिम संस्कार
अवधेश की पत्नी और बेटा चंडीगढ़ में रहते हैं। घटना के बाद परिवार में हुए विवाद के चलते पत्नी के आने में देरी हुई। मृतक के पिता गंगाराम ने फोन पर बात की तो वह बदायूं आने के लिए तैयार हुई। शुक्रवार शाम तक वह गांव पहुंचेंगी। शनिवार सुबह अवधेश का अंतिम संस्कार किया जाएगा। गांव में एहतियातन पुलिस की भी तैनाती की है।