बदायूं। हरियाणा से बलिया शराब लेकर जा रहे कैंटर लूट के खुलासे के लिए पुलिस ने कई टीमें लगा दी हैं। एक टीम बुधवार को चालक को लेकर हरियाणा रवाना हो गई है। पुलिस लूट में चालक की मिलीभगत मान रही है। बताया जा रहा कि पुलिस को लूट के संबंध में अहम जानकारियां भी मिली हैं।
हरियाणा की शराब सिर्फ बदायूं में ही नहीं बल्कि आसपास के कई जिलों में सप्लाई हो रही है। शराब का अवैध धंधा करने वाले अधिकांश धंधेबाज बदायूं से होकर गुजरते हैं, क्योंकि यहां बरेली, शाहजहांपुर, सम्भल, फर्रुखाबाद आदि जिलों की सीमाएं लगती हैं। इससे ज्यादातर गैर कानूनी कार्य इसी रूट पर अंजाम दिए जाते हैं। कैंटर लूट में अगर उझानी पुलिस लापरवाह नहीं होती तो शायद बदमाश उसी समय पकड़े जाते। बदमाश उसावां से कैंटर लूट ले गए और चालक को बंधक बनाकर उझानी होते हुए गुजरे। फिर उसे कछला ले जाकर छोड़ दिया और भाग गए। अगर उझानी पुलिस गश्त पर होती, तो शायद बदमाश कहीं रास्ते से दबोच लिए जाते।
कैंटर चालक ने अपना नाम मनोज बताया है। वह हरियाणा में भिवाड़ी का रहने वाला है। कैंटर लूट में किसी और का नहीं, बल्कि शराब माफिया का हाथ माना जा रहा है। उन्हें अच्छी तरह पता था कि कैंटर में अवैध रूप से शराब ले जाई जा रही है। कैंटर का पीछा किया और लूट की घटना को अंजाम दिया। पुलिस की एक टीम हरियाणा के लिए रवाना हो गई है। अभी कैंटर का कुछ पता नहीं चला है। अनुमान है कि पुलिस टीम जल्द उसका पता लगा लेगी।
उसावां और अलापुर क्षेत्र में पकड़े जा चुके हैं शराब लदे ट्रक
-कुछ दिन पहले उसावां थाना क्षेत्र में शराब लदा एक ट्रक सड़क किनारे खाई में पलट गया था। पुलिस ने तीसरे दिन ट्रक के चालक और उसके हेल्पर को जेल भेजा था। उस ट्रक से कई पेटी शराब बरामद हुई थी। ठीक उसी तरह अलापुर क्षेत्र में भी शराब बरामद हुई थी। वह शराब भी इधर से ले जाई जा रही थी।
कैंटर लूट के मामले में अभी तक किसी ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है और न ही कोई थाने तक पहुंचा है। चालक ने जो मोबाइल नंबर बताया है, वह स्विच ऑफ आ रहा है। इसकी जांच के लिए दो थानों की टीमें लगा दी गई हैं।
सर्वेंद्र सिंह, सीओ उझानी