बिसौली। कोतवाली क्षेत्र के धुबियाताल कस्बे में सोमवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना एक ऑटो और बर्फ की सिल्ली लदे टेंपो लोडर की आमने-सामने की टक्कर के कारण हुई। टक्कर के बाद पीछे से आ रही एक बाइक भी अनियंत्रित होकर लोडर वाहन में जा घुसी।
बिसौली से रानेट की ओर जा रहा ऑटो जैसे ही धुबियाताल कस्बे के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे टेंपो लोडर से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो में बैठी सवारियां चीखने लगीं। इसी बीच पीछे से आ रही बाइक सवार भी संतुलन खो बैठा और लोडर में जा भिड़ा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहगीरों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। हादसे में गुड्डो पत्नी सुनील निवासी टिकुरी कलिया थाना वजीरगंज ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
अन्य घायलों में राजवती पत्नी कातीराम, पूजा पत्नी संजीव निवासी मुडिया धुरैकी थाना फैजगंज बेहटा शामिल हैं। मेवाराम पुत्र भिखारीलाल निवासी रसूला थाना आंवला बरेली भी घायल हुए। इसके अतिरिक्त, सूरजभान पुत्र जवाहर, सावित्री पुत्री सूरजभान निवासी लहरा थाना वजीरगंज और नेक्सू पुत्र अमर सिंह निवासी अजनावर थाना बिसौली भी घायल हुए हैं। कोतवाल कमलेश मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना में शामिल तीनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।